सोमवार, 17 अगस्त 2026

मऊ :मंदिर से चांदी की लक्ष्मी-हनुमान मूर्तियां चोरी,श्रद्धालुओं में आक्रोश।।||Mau:Silver idols of Lakshmi and Hanuman were stolen from a temple, sparking outrage among devotees.||

शेयर करें:
मऊ :
मंदिर से चांदी की लक्ष्मी-हनुमान मूर्तियां चोरी,श्रद्धालुओं में आक्रोश।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव की दलित बस्ती में स्थित वर्षों पुराने विष्णु मंदिर में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने श्रद्धा और आस्था पर चोट करते हुए चांदी की लक्ष्मी जी और हनुमान जी की मूर्तियां चोरी कर लीं। सोमवार सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी ने जब दोनों मूर्तियों को गायब देखा तो उनके होश उड़ गए। मंदिर में पूजा-पाठ का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था।
मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी होने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में चोरी की घटना को लेकर गहरा आक्रोश और मायूसी देखने को मिली।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना कोपागंज क्षेत्र
फिरोजपुर गांव में प्राचीन भगवान विष्णु के मन्दिर में चांदी की लक्ष्मी जी और हनुमान जी की मूर्तियां स्थापित थीं। बताया जा रहा है कि दोनों चांदी की मूर्तियों का कुल वजन करीब तीन किलोग्राम था। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बेखौफ चोरो ने मन्दिर को निशाना बनाते हुए बीती रात के अंधेरे में मंदिर का दरवाजा का तोड़कर दोनों कीमती मूर्तियां चोरी कर ले गए।
सुबह जानकारी मिलते ही कोपागंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सूचना पर सीओ घोसी जितेन्द्र सिंह तथा थाना प्रभारी राकेश रोहन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
मंदिर में वर्षों से श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करने वाले ग्रामीणों के लिए यह चोरी महज कीमती मूर्तियों की चोरी नहीं, बल्कि उनकी आस्था और विश्वास पर किया गया हमला है। ग्रामीण जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मूर्तियों की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।अब देखना होगा कि पुलिस कब तक चोरों तक पहुंचकर चांदी की मूर्तियां बरामद कर पाती है।
थानाध्यक्ष कोपागंज राकेश रोहन सिंह ने बताया कि मामले में ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और घटना की जांच की जा रही है।