लखनऊ :
परिवहन निगम के आउटसोर्स कार्मिकों के मानदेय में 5% बढ़ोतरी, जुलाई से मिलेगा लाभ।
दो टूक : उत्तर प्रदेश सरकार ने परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। परिवहन निगम में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार-कम-टैली ऑपरेटर और प्रोग्रामर के मानदेय में 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। बढ़ा हुआ मानदेय जुलाई 2026 से प्रभावी होगा।
विस्तार :
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिवहन निगम में आउटसोर्स कार्मिकों के मानदेय में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इसके तहत जनवरी में 5 प्रतिशत और जुलाई में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है।
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की सेवाओं को सुचारू, आधुनिक और प्रभावी बनाने में आउटसोर्स कार्मिकों की तकनीकी दक्षता और सेवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। मानदेय में वृद्धि से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और वे अधिक उत्साह व प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों एवं कार्मिकों के हितों के प्रति संवेदनशील है। परिवहन निगम को बेहतर और यात्री केंद्रित बनाने में प्रत्येक कार्मिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
