लखनऊ :
जी-20 रोड पर अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, युवती की मौत, दो घायल।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में जी-20 रोड पर रविवार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि जी-20 रोड पर बड़ा बैराज के आगे मोटरसाइकिल का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे और वे जी-20 रोड से शहीद पथ की ओर जा रहे थे। तीव्र मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में अमिता वर्मा (28) पुत्री मातादीन वर्मा, निवासी सेवाग्राम सोसाइटी, मल्हौर, चिनहट की हालत गंभीर होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, आलोक (30) पुत्र घासीराम गंगवार, निवासी चिनहट-मटियारी और सलोनी वर्मा (30) पुत्री मातादीन वर्मा, निवासी सेवाग्राम सोसाइटी, मल्हौर हादसे में घायल हुए हैं। दोनों को पहले हेल्थसिटी विस्तार अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतका और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए हैं और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
