मऊ :
राजकीय जिला पुस्तकालय का डी एम ने किया निरीक्षण,बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।
दो टूक : मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शुक्रवार को जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं पाठकों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकों के आगत-निर्गत की व्यवस्था का अवलोकन करते हुए संबंधित रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुस्तकालय में उपलब्ध फर्नीचर, कुर्सियों तथा अन्य संसाधनों की उपलब्धता और उपयोगिता की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में संचालित KOHA सॉफ्टवेयर के संबंध में कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुस्तकों के डिजिटलीकरण, सूचीकरण एवं निर्गमन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि पाठकों को पुस्तकों की जानकारी एवं उपलब्धता आसानी से प्राप्त हो सके।
अध्ययनरत विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय के वातावरण और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए शीघ्र ही पुस्तकालय भवन में एयर कंडीशनर (एसी) उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान और अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले विद्यार्थियों एवं पाठकों को बेहतर, शांत और अध्ययन-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुस्तकालय में स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय की सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं पाठक हितैषी बनाया जाए, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का बेहतर वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
