शुक्रवार, 21 अगस्त 2026

लखनऊ : प्रॉपर्टी हड़पने के लिए मदरसा संचालक की हत्या की साजिश,छह गिरफ्तार।||Lucknow: Six arrested for plotting to murder a madrasa operator to grab his property.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
प्रॉपर्टी हड़पने के लिए मदरसा संचालक की हत्या की साजिश,छह गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली हजरतगंज पुलिस ने मदरसा संचालक की हत्या कर उसकी संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी तय की थी। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध पिस्टल और कारतूस उपलब्ध कराए गए थे।
विस्तार :
ADCP  मध्य के अनुसार 18 अगस्त को चोरी की मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे मो. शाहिद और मो. जमीर को अवैध पिस्टल व पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें अमन कुरैशी ने एक व्यक्ति की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी और हथियार उपलब्ध कराया था।
जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश मदरसा संचालक इरफान अहमद रिजवी की संपत्ति को कब्जे में लेने के उद्देश्य से रची गई थी। पुलिस के मुताबिक अमन कुरैशी ने पूछताछ में बताया कि अधिवक्ता सोहैल अहमद सिद्दीकी और फरहान सिद्दीकी के कहने पर उसने हत्या के लिए युवकों की व्यवस्था की थी। आरोपियों ने कथित तौर पर इरफान अहमद की फोटो उपलब्ध कराकर उनकी पहचान और गतिविधियों की जानकारी दी थी।
पुलिस का दावा है कि घटना के बाद पहचान छिपाने के लिए अलग मोबाइल फोन और सिम का इस्तेमाल करने की योजना थी। हत्या की तैयारी करीब एक महीने से चल रही थी। वारदात के लिए पिस्टल और कारतूस के साथ चोरी की पैशन प्लस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया जाना था। यह मोटरसाइकिल इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास से चोरी की गई थी।
पूछताछ में प्रकाश में आए सोहैल अहमद सिद्दीकी, फरहान सिद्दीकी और बिलाल हाशमी को भी पुलिस ने 21 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बिलाल हाशमी मदरसे का मैनेजर होने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता है और मदरसे से संबंधित दस्तावेज उसके पास थे। पुलिस का दावा है कि उसे इरफान अहमद की संपत्तियों की जानकारी थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने यह मानकर साजिश रची कि इरफान अहमद की बेटियों की शादी हो चुकी है, जिससे उनकी संपत्ति पर कब्जा करना आसान होगा। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी--अमन कुरैशी,
सोहैल अहमद सिद्दीकी,मो. फरहान सिद्दीकी,बिलाल हाशमी,मो. शाहिद,मो. जमीर ।।
बरामदगी।
एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन,पांच जिंदा कारतूस,चोरी की पैशन प्लस मोटर साइकिल, बरामद किया।
पुलिस के अनुसार मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। हजरतगंज पुलिस और सर्विलांस सेल मध्य जोन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।