मऊ :
शराब की ओवररेटिंग और अवैध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के लिए आबकारी टीम तैयार।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उप आबकारी आयुक्त, आजमगढ़ प्रभार आजमगढ़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद मऊ के समस्त थोक एवं फुटकर आबकारी अनुज्ञापियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी मऊ सहित आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1, 2, 3 एवं 4 तथा जनपद के समस्त थोक एवं फुटकर अनुज्ञापी उपस्थित रहे।
बैठक में आबकारी दुकानों के सुचारू संचालन,निर्धारित मूल्य एवं समय के अनुसार मदिरा बिक्री तथा अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उप आबकारी आयुक्त ने थोक देशी मदिरा, विदेशी मदिरा एवं बीयर अनुज्ञापियों को पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कांवड़ मार्ग की दुकानों पर विशेष निगरानी
कांवड़ मार्ग पर स्थित आबकारी दुकानों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने तथा दुकानों को पर्दे आदि से ढककर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों की क्रॉस चेकिंग कराने तथा तैनात आबकारी निरीक्षकों से अन्य क्षेत्रों की दुकानों का भी निरीक्षण कराने को कहा गया।
फुटकर दुकानों पर प्रत्येक ब्रांड की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और सभी ब्रांडों का उचित डिस्प्ले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मदिरा की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ही की जाएगी। ओवररेटिंग की शिकायत या पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेता एवं अनुज्ञापी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समय से पहले या बाद में बिक्री पर भी कार्रवाई
उप आबकारी आयुक्त ने निर्धारित समयावधि में ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय से पहले अथवा निर्धारित समय के बाद बिक्री पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने, रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी दुकानों पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
गैर-प्रांत की शराब मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि मण्डलीय प्रवर्तन टीम द्वारा जनपद मऊ की आबकारी दुकानों की चेकिंग की जाएगी। किसी भी दुकान पर अवैध मदिरा अथवा गैर-प्रांत की मदिरा की बिक्री पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उप आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षकों एवं प्रवर्तन टीम द्वारा जनपद की आबकारी दुकानों की लगातार चेकिंग एवं निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ ही शासन के राजस्व को होने वाली क्षति को रोकना है।
