मऊ :
एसपी का रानीपुर थाने पर औचक निरीक्षण, अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही पर सख्त हिदायत।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने शनिवार को थाना रानीपुर का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में विभिन्न अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और साफ-सफाई की स्थिति को परखा और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विस्तार :
एसपी ने त्योहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को समय से अपडेट रखने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और हिस्ट्रीशीटरों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद एसपी ने थाना परिसर का भ्रमण कर सीसीटीएनएस शाखा, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बंदीगृह, बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला आरक्षी को फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनने और प्रार्थना पत्रों का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद फरियादियों से नियमित रूप से फीडबैक लेने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और थानाध्यक्ष समेत समस्त पुलिसकर्मियों को परिसर में स्वच्छता का उच्च स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी के औचक निरीक्षण से थाना परिसर में पुलिसकर्मियों में सक्रियता नजर आई और उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
