मऊ :
पुलिस के कंधे पर होकर सवार,हवालात पहुंचा शातिर लुटेरा।।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर बदमाश,हुआ गिरफ्तार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना घोसी महिला से छिनैती के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को घोसी थाना पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी घोसी ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 को राकेश राजभर पुत्र जगन्नाथ राजभर निवासी कोडरा थाना कोपागंज ने अपने साथी रामकरन राजभर पुत्र बालचन्द्र निवासी कोडरा थाना घोसी के साथ मिलकर घोसी थाना क्षेत्र के नदवासराय अंडरपास के पास एक महिला से छिनैती की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना घोसी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
28 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घोसी पुलिस टीम ने आरोपी राकेश राजभर को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान राकेश राजभर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी घोसी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकीय देखरेख में उसका इलाज कराया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार यह सामान हुआ बरामद
315 बोर का एक अवैध तमंचा
315 बोर का एक जिंदा कारतूस
315 बोर का एक खोखा कारतूस
6,100 रुपये नकद
घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राकेश राजभर के खिलाफ मऊ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी, धोखाधड़ी, गिरोहबंद अधिनियम, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें घोसी, कोपागंज, दोहरीघाट और कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
