गुरुवार, 27 अगस्त 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस पर गौतमबुद्ध नगर में गूंजा खेल और युवा शक्ति का संदेश, चार विश्वविद्यालयों में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’!!

शेयर करें:

राष्ट्रीय खेल दिवस पर गौतमबुद्ध नगर में गूंजा खेल और युवा शक्ति का संदेश, चार विश्वविद्यालयों में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्ध नगर, 27 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में गौतमबुद्ध नगर के शारदा विश्वविद्यालय, गलगोटियास विश्वविद्यालय, सिंबायोसिस विश्वविद्यालय एवं द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने खेलों के विकास, प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने, खेल सुविधाओं के विस्तार और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से हुआ। इसके बाद आयोजित युवा संवाद में विद्यार्थियों, उभरती खेल प्रतिभाओं, स्पोर्ट्स आइकॉन्स, एनएसएस एवं एनसीसी स्वयंसेवकों ने खेलों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए देश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव दिए।

2036 ओलंपिक और विकसित भारत को लेकर युवाओं से लिए गए सुझाव

युवा संवाद के दौरान प्रतिभागियों से पांच प्रमुख विषयों पर फीडबैक लिया गया। इनमें देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाना, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी, विकसित भारत के लिए युवाओं का सशक्तिकरण तथा नशामुक्त युवा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों को राष्ट्रीय स्तर पर संकलित किया जाएगा। इसके आधार पर खेल नीति, युवा नीति और अन्य संबंधित सरकारी नीतियों में आवश्यक सुधारों को लेकर विचार किया जाएगा। संवाद का उद्देश्य युवाओं को केवल खेलों से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना भी रहा।

खेल प्रतिभाओं और स्पोर्ट्स आइकॉन्स का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं एवं स्पोर्ट्स आइकॉन्स को सम्मानित किया गया। शारदा विश्वविद्यालय से समृद्धि त्रिपाठी (फुटबॉल), प्रकृति शर्मा (फेंसिंग) और आर्यन (कुश्ती) ने सहभागिता की।

सिंबायोसिस विश्वविद्यालय से आकांक्षा सिंघल (टेबल टेनिस), साविनी मित्तल (शूटिंग), साकेत (बास्केटबॉल), विपिन (कुश्ती) एवं अंतरराष्ट्रीय स्केटर अनीश राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से अंतुल (कुश्ती), मेहक (टेबल टेनिस) और अरमान (वॉलीबॉल) ने कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं गलगोटियास विश्वविद्यालय से सचिन एवं प्रतीक (कुश्ती) ने युवाओं के साथ संवाद किया।

खेल प्रतिभाओं ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता की कुंजी बताया। संवाद के दौरान युवाओं में खेलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

विश्वविद्यालयों के अधिकारी और एनएसएस पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में गलगोटियास विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नितिन कुमार गौर तथा शारदा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विवेक कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। MY Bharat के उप निदेशक श्री शिवेंद्र सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

इसके अलावा गलगोटियास विश्वविद्यालय से एनएसएस अधिकारी डॉ. अखिलेश पाण्डेय, द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से निदेशक डॉ. संगीता मंगेश एवं एनएसएस अधिकारी डॉ. ममता भारद्वाज, शारदा विश्वविद्यालय से डॉ. प्रमोद कुमार एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शांति नारायणन तथा सिंबायोसिस विश्वविद्यालय से डॉ. सी. जे. रावंडाले, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) के. एस. मेहर एवं खेल अधिकारी कैप्टन (सेवानिवृत्त) अरुण नेगी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त युवा’ की शपथ ली। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस संवाद ने युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया।।