अम्बेडकरनगर :
खेलो इंडिया एवं युवा संवाद में गूंजा 2036 ओलंपिक का संकल्प।
छात्राओं ने खेल सुविधाओं, अवसरों और भविष्य की योजनाओं पर रखे सुझाव।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अकबरपुर में गुरुवार को ‘खेलो इंडिया एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बी.एन.के.बी. पीजी कॉलेज एवं मेरा युवा भारत (माय भारत) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से हुआ। उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना।
विस्तार :
प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भारत की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवाओं से अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पाण्डेय तथा विशिष्ट अतिथि कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद मौजूद रहे। खेल जगत से एथलीट साक्षी पाल ने भी सहभागिता करते हुए अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव छात्राओं के साथ साझा किए।
युवा संवाद सत्र में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रखे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम पाण्डेय और विशिष्ट अतिथि धर्मराज निषाद ने युवाओं से खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने की। उन्होंने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के मद्देनजर युवाओं को आज से ही तैयारी करने और देश को फिट, अनुशासित एवं खेलप्रेमी राष्ट्र बनाने में योगदान देने की बात कही। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और खेलों के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य शास्ता प्रो. नंदन सिंह, प्रो. अरुण कांत गौतम, डॉ. रवींद्र वर्मा, डॉ. अनूप पाण्डेय, डॉ. सतीश कुमार उपाध्याय, डॉ. महेंद्र यादव, डॉ. सुनीता सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. भानु प्रताप राय, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सीमा यादव समेत महाविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
दो टूक मीडिया | अम्बेडकरनगर
