हरियाणा: कुरुक्षेत्र की गुर्जर धर्मशाला से गूंजी हुंकार, 29 अक्टूबर को हजारों गुर्जर दिल्ली पहुंचकर दिखाएंगे एकजुटता की ताकत!!
गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का जनसंपर्क अभियान तेज, तालकटोरा स्टेडियम में जुटने का आह्वान
दो टूक//हरियाणा//कुरुक्षेत्र। आगामी 29 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में महासभा के पदाधिकारियों ने कुरुक्षेत्र स्थित गुर्जर धर्मशाला पहुंचकर धर्मशाला कमेटी के पदाधिकारियों, क्षेत्र के ग्रामीणों और समाज के गणमान्य लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
गुर्जर धर्मशाला पहुंचने पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी का क्षेत्रीय लोगों ने फूल-मालाओं और सम्मान की पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान ऋषिपाल कसाना ने की, जबकि संचालन गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल देश के महान राष्ट्रनायकों में से एक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उनके विचारों और आदर्शों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि 29 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरदार पटेल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ समाज की एकजुटता और सामाजिक चेतना का परिचय दें।
उन्होंने कहा कि गुर्जर स्वाभिमान रैली को लेकर देशभर में समाज के लोगों में उत्साह है। महासभा के पदाधिकारी गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र जाकर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। इसका उद्देश्य समाज को संगठित कर सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्रीय हितों से जुड़े विषयों पर मजबूत एवं सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मौजूद समाज के वक्ताओं ने कहा कि 29 अक्टूबर की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए गांव-गांव और घर-घर तक रैली का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र और हरियाणा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचेंगे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में हजारों की संख्या में 29 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की हुंकार भरते हुए रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समाज की मजबूती को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली यह रैली समाज की एकजुटता का बड़ा मंच बनेगी।
इस अवसर पर सुरेश तंवर, ज्ञान सिंह कसाना, नरेश आर्य, पृथ्वी सिंह, बलबीर सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, जगदीश खटाना, एडवोकेट तेजपाल, एडवोकेट रामकुमार, अरुण गुर्जर, राम सिंह कसाना सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग एवं समाज के सदस्य मौजूद रहे।।
