लखनऊ :
PGI क्षेत्र में बाइक चोरी कर मचा रखा था आतंक,दो हुए गिरफ्तार, चोरी की दो बाइक समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद।
दो टूक : लखनऊ के थाना पीजीआई पुलिस ने दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। गिरफ्तार शातिर युवको के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार:
थाना पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक स्थानीय थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं कर आतंक मचा रखने वाले दो शातिर युवकों को पुलिस टीम ने मुखबिर की सहायता से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी बाइके समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाजिद (19) निवासी ग्राम करोरा, थाना नगराम और श्याम जी मिश्रा (27) निवासी हुसैनगंज क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने करीब 400 से 500 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से TVS Sport और Hero Honda Splendor Plus बाइक बरामद हुईं। इसके अलावा एक बोरी में विभिन्न कंपनियों के स्पीकर, एम्प्लीफायर, एलईडी लाइट और एमपी-3 प्लेयर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान मिला।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों करीब चार वर्षों से चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे। श्याम जी के कहने पर वाजिद चोरी करता था और बाद में चोरी का माल बेचकर दोनों अपना खर्च चलाते थे। आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने पीजीआई थाने में दर्ज तीन चोरी के मुकदमों का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गोसाईगंज और नगराम थानों में मुकदमे दर्ज बताए गए है।
