शनिवार, 22 अगस्त 2026

गोण्डा की प्रसिद्ध कचौड़ी एवं इटियाथोक के दही बड़े को मिला ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना का प्रोत्साहन

शेयर करें:
गोण्डा- जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, द्वारा जिला पंचायत सभागार में ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन को बेहतर बनाकर उन्हें व्यापक बाजार से जोड़ना रहा।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि जनपद गोण्डा की प्रसिद्ध कचौड़ी तथा इटियाथोक के दही बड़े का चयन ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना के अंतर्गत किया गया है। उपस्थित लाभार्थियों एवं उद्यमियों को योजना के उद्देश्यों, उपलब्ध सुविधाओं, स्वरोजगार की संभावनाओं तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से मिलने वाले सहयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा योजना के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं उद्यमिता विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने खाद्य उत्पादों की बेहतर एवं आकर्षक पैकेजिंग, स्वच्छता एवं हाइजीन के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा स्वीकृत फूड कलर्स के निर्धारित मानकों के अनुरूप सही उपयोग की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य उत्पाद तैयार करने के साथ साथ उनकी उचित पैकेजिंग और ब्रांडिंग से स्थानीय व्यंजनों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
श्रम विभाग द्वारा उपस्थित उद्यमियों एवं लाभार्थियों को श्रम कानूनों तथा श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उद्यमी श्री भूपेन्द्र आर्या तथा इटियाथोक के श्री कृपाशंकर शुक्ला ने अपने अनुभव एवं विचार साझा करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अधिकारियों ने लाभार्थियों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाकर स्थानीय व्यंजनों को नई पहचान दिलाने तथा जनपद की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त, बाट-माप विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य उद्यमी उपस्थित रहे।

गोण्डा- जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के तत्वावधान में एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद की प्रसिद्ध कचौड़ी तथा इटियाथोक के दही बड़े का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित उद्यमियों एवं लाभार्थियों को योजना के तहत उपलब्ध अवसरों, सुविधाओं एवं संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यशाला में खादी ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी ने योजना के अंतर्गत स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने खाद्य उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, स्वच्छता एवं हाइजीन के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा स्वीकृत फूड कलर्स के उचित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं श्रम विभाग द्वारा श्रम कानूनों एवं श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान उद्यमी भूपेन्द्र आर्या तथा इटियाथोक के उद्यमी कृपाशंकर शुक्ला उर्फ बड़कऊ ने अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए ओडीओसी योजना को उपयोगी बताया।
कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं बाट-माप विभाग के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर पारंपरिक खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक पैकेजिंग के साथ व्यापक बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया।