मऊ :
सरयू नदी में छलांग का प्रयास कर रही महिला को पुलिस ने बचाया।।
घरेलू विवाद के चलते उठाया आत्मघाती कदम।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने चार वर्षीय बच्चे को लेकर सरयू नदी के पुल पर पहुंच गई और नदी में कूदने का प्रयास करने लगी। सूचना मिलते ही पीआरवी 8238 की टीम और थाना दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए महिला व उसके बच्चे को सकुशल बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, कविता राजभर (25) पत्नी ज्ञान चंद राजभर, निवासी ग्राम खुखुंडवा, थाना कोपागंज, जनपद मऊ, बुधवार 12 अगस्त को करीब चार बजे अपने चार वर्षीय पुत्र शिवांश के साथ दोहरीघाट सरयू नदी के पुल पर पहुंची थी। बताया गया कि पारिवारिक विवाद के चलते वह नदी में कूदकर जान देने का प्रयास कर रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 8238 की टीम तथा थाना दोहरीघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाते हुए सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और उसे बच्चे सहित थाने लाया गया।
बाद में पुलिस ने महिला कविता राजभर और उसके बच्चे को उनके रिश्तेदार शुभम राजभर पुत्र नंदलाल राजभर, निवासी ग्राम विजरवा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ की सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस की तत्परता से महिला और उसके मासूम बच्चे की जान बच गई।
