बुधवार, 12 अगस्त 2026

लखनऊ :राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर कैंसर संस्थान में ई-लाइब्रेरी की उपयोगिता पर जोर।।||Lucknow:On National Librarians' Day, the Cancer Institute emphasized the usefulness of the e-library.||

शेयर करें:
लखनऊ :
राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर कैंसर संस्थान में ई-लाइब्रेरी की उपयोगिता पर जोर।।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में बुधवार को राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम भारत में पुस्तकालय विज्ञान के जनक एवं पद्मश्री डॉ. एस.आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
विस्तार :
बुधवार राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय पुस्तकालय के डीन एवं प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता के स्वागत संबोधन से हुआ। मुख्य अतिथि मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन, कुलपति, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ रहे।
इस अवसर पर SGPGIMS के केंद्रीय पुस्तकालय के पूर्व चीफ एवं प्रमुख प्रो. डॉ. पी.पी. रावत ने पद्मश्री डॉ. एस.आर. रंगनाथन के योगदान और पुस्तकालय विज्ञान में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने Journal of Library and Information Communication Technology के वॉल्यूम-15, अंक-1 का विमोचन भी किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अमित देवगन ने चिकित्सा शिक्षा, शोध और ज्ञान के प्रसार में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय की ई-लाइब्रेरी शुरू हो चुकी है, जिसे संबंधित उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों तथा शोध और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में केंद्रीय पुस्तकालय के योगदान पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय पुस्तकालय के लाइब्रेरियन-II श्री अजीज हसन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, कुलसचिव डॉ. आयुष लोहिया सहित संकाय सदस्य, रेजिडेंट, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।