मऊ :
मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी,लिए नमूने,मचा हड़कंप।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि निरीक्षक आशुतोष कुमार चौबे ने शुक्रवार को जिला अस्पताल के निकट स्थित दो मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में कई अनियमितताएं मिलने पर कुल छह दवाओं के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए तथा संचालकों से पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि मेसर्स मनीष मेडिकल्स, सहादतपुरा पर निरीक्षण के समय फर्म स्वामी अनुपस्थित मिले। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने स्वयं को पंजीकृत फार्मासिस्ट विनय कुमार सिंह बताया, लेकिन नियुक्ति एवं अनुज्ञप्ति से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच के दौरान क्रय-विक्रय अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेज साक्ष्य के रूप में संकलित किए गए। नियम-65 के अनुरूप बीजक उपलब्ध न कराए जाने पर तीन दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही अवसानित (एक्सपायरी) दवाओं के विक्रय एवं अभिलेखों में पाई गई कमियों पर पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में मेसर्स अनामिका फार्मेसी, संकट मोचन कटरा, सहादतपुरा का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी फर्म स्वामी अनुपस्थित मिले तथा मौके पर मौजूद पंजीकृत फार्मासिस्ट रोहित यादव से अभिलेखों की जांच की गई। नियम-65 के अनुरूप बीजक उपलब्ध न होने पर यहां से भी तीन दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए संकलित किए गए। अवसानित दवाओं के विक्रय और अभिलेखीय अनियमितताओं के संबंध में पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण आख्या की प्रति औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है। दवा नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
