गुरुवार, 13 अगस्त 2026

मऊ :आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से भिड़ा दूसरा ट्रेलर,चालक घायल।||Mau:A trailer collided from behind with another trailer, injuring the driver.||

शेयर करें:
मऊ :
आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से भिड़ा दूसरा ट्रेलर,चालक घायल।
◆टक्कर के बाद पहला ट्रेलर लेकर चालक फरार, जेसीबी से हटाया गया क्षतिग्रस्त वाहन।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी के वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर घोसी कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर स्थित यूपी-54 ढाबा के सामने गुरुवार को करीब 11 बजे दो ट्रेलरों की भिड़ंत हो गई। हादसे में पीछे चल रहा ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसका चालक घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर हाईवे पर आगे जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा ट्रेलर उसमें जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रेलर के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद आगे चल रहे ट्रेलर का चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारण हाईवे की एक लेन कुछ समय के लिए बाधित रही, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। पुलिस की मौजूदगी में ट्रेलर को सड़क किनारे कराया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस फरार ट्रेलर चालक और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।