मऊ :
बारिश में कच्चा मकान धराशायी, गृहस्वामी घायल; गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सोहराबपुर गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में गृहस्वामी जीवित राम घायल हो गए। मकान के धराशायी होने से घर में रखा अनाज, चारपाई, पंखा, साइकिल, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित जीवित राम ने बताया कि उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। आवास के अभाव में वह अपने परिवार के साथ लंबे समय से जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर हैं। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवारें पूरी तरह कमजोर हो गई थीं। बुधवार रात अचानक दीवार गिरने से मकान का काफी हिस्सा धराशायी हो गया।
मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। परिवार ने प्रशासन से क्षति का तत्काल आकलन कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार को भाजपा के पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष छोटू प्रसाद मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित को आवास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
वहीं, मकान गिरने की सूचना के बावजूद संबंधित लेखपाल के समय से मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर पीड़ित परिवार में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे कराने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
