मऊ :
सावन के पहले सोमवार से पहले पुलिस अधीक्षक ने शिव मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : सावन माह के सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद मऊ के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने प्रमुख कोपागंज के गौरीशंकर मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विस्तार :
शिवालयों का निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात संचालन की तैयारियों की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए सतर्क रहने के निर्देश भी दिए।
जनपद पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का अनुपालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे सावन के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता से भगवान शिव के दर्शन कर सकें।
