मऊ :
आजमगढ़ दवा लेने जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत,ट्रेलर चालक फरार।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरी घाट क्षेत्र में आजमगढ़ दवा लेने जा रहे बाइक सवार मां-बेटे की शुक्रवार को दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ के पास दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मारने के बाद दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी बिंदु देवी (42) पत्नी राजकुमार अपने 16 वर्षीय बेटे सूरज यादव के साथ बाइक से आजमगढ़ जा रही थीं। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे दोनों रामनगर पुलिस बूथ के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर के नीचे आ गए। चालक ट्रेलर को रोकने के बजाय दोनों को कुचलते हुए कुछ दूर तक आगे ले गया। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को भी कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार की ओर से ट्रेलर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही घटना की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
