मऊ :
सगे भाइयों में खूनी विवाद, छोटे भाई की मौत,आरोपी भाई गिरफ्तार।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के चक जाफरी गांव में दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई दिनेश राजभर की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई राजेश राजभर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या मामले मे कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। शराब के नशे में शुरू हुआ भाइयों का विवाद आखिरकार एक परिवार के लिए मौत का मातम बन गया
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त 2026 को राजेश राजभर और उसके छोटे भाई दिनेश राजभर के बीच मामूली बात को लेकर आपस मे विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुची पुलिस ने छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। और परिजन की तहरीर पर मामले में मुहम्मदाबाद गोहना थाने में मु0अ0सं0 295/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। 29 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जमुई की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर दबोच लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान राजेश राजभर पुत्र स्व. चन्द्रदेव राजभर, निवासी चक जाफरी, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में उसका छोटे भाई से विवाद हो गया था। गुस्से में उसने लकड़ी के डंडे और बेलन से दिनेश की पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से आरोपी घर छोड़कर इधर-उधर छिप रहा था और बाहर भागने की फिराक में था।
निशानदेही पर मिला डंडा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गुरादरी मठ के पीछे टूटी बाउंड्री के पास घास में छिपाकर रखा लकड़ी का डंडा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, डंडे पर रक्त के धब्बे भी मिले हैं। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
राजेश राजभर, पुत्र स्व. चन्द्रदेव राजभर, निवासी ग्राम चक जाफरी, थाना मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ, उम्र करीब 38 वर्ष।
बरामदगी
घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा (आलाकत्ल)।पुलिस अब मामले में अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
