गोण्डा :
करनैलगंज में रुपयों से भरा बैग छीनने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 23 हजार कैश और दो बाइक बरामद।
संवाददाता—वीरेन्द्र कुमार
दो टूक : गोंडा जनपद के कोतवाली करनैलगंज के सकरौरा ग्रामीण में कार सवार व्यक्ति से हुई एक लाख रुपये की सनसनीखेज झपटमारी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। उनके कब्जे से 23 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर वारदात की साजिश रचने की बात कबूली है।
विस्तार:
पीछे से आए तीन बाइक सवार, झपट ले गए बैग।
पुलिस के अनुसार प्रयागराज निवासी राजकुमार शुक्ला 27 अगस्त को करनैलगंज में वाहन देखने पहुंचे थे। कार खड़ी करने के बाद वह पैदल सकरौरा ग्रामीण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरजू बालिका इंटर कॉलेज के पास पीछे से दो बाइकों पर सवार तीन युवक पहुंचे और झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। वारदात के बाद तीनों सकरौरा की तरफ फरार हो गए।
बैग में जरूरी दस्तावेजों के साथ एक लाख रुपये नकद रखे थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेरा, बाइक समेत दबोचे गए लुटेरे।
छीनैती की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस टीम ने घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की खंगालते हुए छानबीन और इलाके में सुरागरसी तेज कर दी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने नरायनपुर मांझा-पोतेदार पुरवा मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस ने दो संदिग्धों को बाइक समेत दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से 23 हजार रुपये नकद बरामद हुए। राह चलते शिकार बनाने वाले लुटेरों ने एक परदेशी से एक लाख रुपयेसे भरा बैग लिया था।
पूछताछ में खुला राज, तीसरा साथी अभी फरार।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने तीसरे साथी सत्यम सिंह के साथ मिलकर झपटमारी की योजना बनाने की बात बताई। आरोपियों ने बताया कि बैग में मिले एक लाख रुपये को आपस में बांट लिया गया था। पुलिस ने बरामद 23 हजार रुपये को उसी वारदात से संबंधित बताया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु मिश्रा निवासी डायनियागंज, थाना करनैलगंज और आशुतोष सिंह निवासी मोहल्ला बमपुलिस, कस्बा करनैलगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से स्प्लेंडर और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। वहीं वारदात में शामिल तीसरे आरोपी सत्यम सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
