शनिवार, 1 अगस्त 2026

मऊ : बंदर के बच्चे को एयरगन से मारने वाला आरोपी गिरफ्तार,हथियार भी बरामद।।||Mau: The accused who shot a baby monkey with an airgun has been arrested; the weapon has also been recovered.||

शेयर करें:
मऊ : 
बंदर के बच्चे को एयरगन से मारने वाला आरोपी गिरफ्तार,हथियार भी बरामद।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना घोसी पुलिस ने बंदर के बच्चे की एयरगन से गोली मारकर हत्या करने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एयरगन भी बरामद कर ली है।
विस्तार:
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को थाना घोसी में मु.अ.सं. 326/2026 के तहत धारा 325, 299, 3(5) बीएनएस तथा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9/51 में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि सफरूद्दीन उर्फ सफर पुत्र अब्दुल कुद्दुस, निवासी रघौली, थाना घोसी, जनपद मऊ, ने एयरगन से गोली मारकर एक बंदर के बच्चे की हत्या कर दी थी।
घटना के बाद वन्यजीव के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने शनिवार 1 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एयरगन भी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट से संबंधित एक अन्य मुकदमा थाना घोसी में दर्ज है।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी सिंह, कांस्टेबल अखिलेश सिंह एवं कांस्टेबल योगेश कुमार की प्रमुख भूमिका रही।