मऊ :
मेड़ विवाद में चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार,चाकू भी बरामद।
दो टूक : मऊ जनपद की मधुबन थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मधुबन के नेतृत्व में शनिवार को थाना मधुबन पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम सूरजपुर मौर्चा से लगभग 100 मीटर आगे पंचमहला के पास से आरोपी शैलेष यादव (20 वर्ष) पुत्र मैनेजर, निवासी सूरजपुर मौर्चा, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना मधुबन में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ, जिसके आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे गांव में मेड़ बांधने के विवाद को लेकर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
