मऊ :
हत्या की झूठी सूचना देकर सनसनी फैलाने वाला युवक गिरफ्तार,भेजा गया जेल।।
दो टूक : मऊ जनपद की घोसी पुलिस ने डायल-112 पर हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस प्रशासन को गुमराह करने और क्षेत्र में अनावश्यक दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी मधुबन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, संजय मद्धेशिया (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शिवकुमार, निवासी ग्राम जमीन मनौली, थाना मधुबन, ने डायल-112 पर हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया और क्षेत्र में सनसनी फैलाने का प्रयास किया। सूचना की जांच में मामला असत्य पाए जाने पर शनिवार सुबह करीब 6:10 बजे उसे ग्राम मनौली से हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग न करें। झूठी सूचना देने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
