लखनऊ :
इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों का लोकबंधु अस्पताल में हंगामा।।
◆डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप, अस्पताल प्रशासन ने आरोपों से किया इनकार।
दो टूक : राजधानी के आलमबाग स्थित लोकबंधु अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची कृष्णानगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार सरोजनीनगर क्षेत्र के पिपरसंड निवासी शिवमोहन सिंह अपनी 55 वर्षीय पत्नी रंजना को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल लेकर आए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर समय पर उचित उपचार न देने का आरोप लगाया।
मृतका के परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते बेहतर इलाज मिलता तो रंजना की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने डॉक्टरों की लापरवाही को महिला की मौत का जिम्मेदार ठहराया।
वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि महिला का इलाज पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।
महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई और परिजनों तथा डॉक्टरों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना मिलते ही कृष्णानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल महिला की मौत के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत दी जाती है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
