शनिवार, 8 अगस्त 2026

लखनऊ :इन्दिरा नगर क्षेत्र में व्यापारी के घर डकैती डालने वाले दो बदमाश गिरफ्तार,विरोध पर परिवार को किया लहूलुहान,शेष की तलाश तेज।||Lucknow:Two criminals arrested for robbing a businessman's house in Indira Nagar area; they injured the family when they resisted; search for the remaining suspects intensified.||

शेयर करें:
लखनऊ :
इन्दिरा नगर क्षेत्र में व्यापारी के घर डकैती डालने वाले दो बदमाश गिरफ्तार,विरोध पर परिवार को किया लहूलुहान,शेष की तलाश तेज।।
रेकी के बाद घर में घुसे थे बदमाश, विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती और बेटी पर डंडों से किया था हमला।।
दो टूक :  राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र के अमराई गांव स्थित बजरंग चौराहे के पास व्यापारी के घर में चोरी के प्रयास के दौरान परिवार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने करीब 15 दिन बाद दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। अपराध शाखा लखनऊ, डीसीपी पूर्वी की क्राइम/सर्विलांस टीम और थाना इंदिरानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को शनिवार को मानस तिराहा स्थित पार्क के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में वहां बैठे थे। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार :
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट ने शनिवार दोपहर अपने कार्यालय में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि थाना इन्दिरा नगर क्षेत्र अमराई गांव स्थित ब्यापारी दीपक गुप्ता पुत्र उमेश चन्द्र गुप्ता के घर मे पिछले 24 जुलाई की रात बदमाशों दिवाल फांदकर घर मे घुसे बदमाश ने लूट-पाट की थी जिसमे बुजुर्ग दम्पति समेत परिजन गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया था और घायल ब्यापारी दीपक गुप्ता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमे गठित की गई। छानबीन के दौरान शनिवार 8 अगस्त को पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि घटना से पहले उनके एक साथी ने बजरंग चौराहे के पास परचून की दुकान चलाने वाले वृद्ध दंपती के घर की रेकी की थी। बदमाशों को पता था कि घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसके बाद चारों ने घर में चोरी करने की योजना बनाई। 24 जुलाई की रात करीब 10 बजे चारों आरोपी मौके पर पहुंचे। दो बदमाश बाहर रहकर आसपास निगरानी करने लगे, जबकि दो आरोपी खाली प्लाट और निर्माणाधीन मकान के रास्ते छत पर पहुंचे। इसके बाद पाइप के सहारे दोनों घर के अंदर उतर गए।
जाग गए घरवाले तो डंडों से बरपा दिया कहर।
जानकारी के अनुसार घर में हलचल होने पर परिवार के सदस्य जाग गए। खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने परिवार के लोगों पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में व्यापारी उमेश चंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी शांति देवी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में दीपक गुप्ता ने 25 जुलाई को थाना इंदिरानगर में तहरीर दी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0195/2026, धारा 331(4), 305(a) और 307 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
 घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपराध शाखा, डीसीपी पूर्वी की क्राइम/सर्विलांस टीम और इंदिरानगर पुलिस ने लगातार संदिग्धों की तलाश और पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को सूचना मिली कि घटना से जुड़े आरोपी मानस तिराहा स्थित पार्क के पास मौजूद हैं और दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर सीतापुर के रामपुर मथुरा निवासी उदयराज और विनोद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर औजार किया बरामद, फरार दो की तलाश तेज।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं। उदयराज के पास से एक पेचकश, एक प्लास और कीपैड मोबाइल बरामद हुआ, जबकि विनोद वर्मा के कब्जे से एक छेनी और एक हथौड़ी मिली है। पुलिस अब वारदात में शामिल दोनों फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास।
गिरफ्तार आरोपी विनोद वर्मा के खिलाफ बाराबंकी और लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 तक करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं उदयराज के खिलाफ भी बाराबंकी, लखनऊ और सीतापुर में लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ भी एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
संयुक्त पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
घटना के खुलासे में थाना इंदिरानगर प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस शिवानंद मिश्रा व अपराध शाखा टीम, डीसीपी पूर्वी की क्राइम/सर्विलांस टीम तथा थाना इंदिरानगर के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट ने शनिवार दोपहर अपने कार्यालय में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।