लखनऊ :
शराब के लिए रुपये मांगना पड़ा भारी, विवाद में गई अनिल की जान; BKT पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा।।
CCTV और डिजिटल साक्ष्यों ने खोला हत्या का राज, चन्द्रिका देवी अंडरपास के पास से पांचों गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बीकेटी क्षेत्र में 3 अगस्त को मिले 36 वर्षीय अनिल कुमार के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या की आशंका गहराई थी। इसके बाद थाना बीकेटी पुलिस और डीसीपी उत्तरी की सर्विलांस टीम ने डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार :
अमौली लॉन के सामने मिला था शव।
थाना बीकेटी इंस्पेक्टर रामस्वरूप चौहान के मुताबिक 3 अगस्त 2026 को करीब शाम चार बजे ग्राम तरहैया निवासी अनिल कुमार का शव अमौली लॉन के सामने खाली पड़े स्थान पर मिला था। शव के प्रथम दृष्टया निरीक्षण में कोई जाहिरा चोट दिखाई नहीं दे रही थी। परिवार ने भी किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया था। परिजनों ने बताया था कि अनिल अत्यधिक शराब पीने का आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हेड इंजरी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
पुलिस जांच में CCTV में कैद मिली हाथापाई।
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 3 अगस्त की सुबह करीब 10:18 बजे अनिल कुछ लोगों के साथ हाथापाई करता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की।
मामले में प्राप्त तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज से मिले तथ्यों के आधार पर थाना बीकेटी में मुकदमा दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई गई। मृतक के भाई विवेक विश्वकर्मा की तहरीर पर भी अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
डिजिटल साक्ष्यों से सामने आए आरोपियों के नाम।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इन साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच आगे बढ़ने पर घटना में शामिल पांच आरोपियों की पहचान हुई।
पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान 8 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे मुखबिर की सूचना पर किसान पथ हाईवे स्थित चन्द्रिका देवी अंडरपास के आगे शिवखड़ के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताई विवाद की वजह।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 3 अगस्त को वे बृजेश की गुमटी के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान अनिल कुमार भी शराब के नशे में वहां बैठा था। आरोपियों ने अनिल से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। अनिल ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर लपट-झपट, हाथापाई और धक्का-मुक्की होने लगी। इसी दौरान अनिल असंतुलित होकर प्लॉट की नींव में लगी ईंटों पर गिर गया। उसके सिर और आंख में चोट आई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहे थे।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
दुर्गेश यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी जगदीशपुर, थाना बीकेटी — वैन चालक।
कुवेर यादव उर्फ अमर यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी उमरभारी, थाना सैरपुर — खेती/मजदूरी।
रंजीत रावत, उम्र 45 वर्ष, निवासी तरहिया, थाना सैरपुर — मजदूरी।
रामकेश यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी उमरभारी, थाना सैरपुर — खेती।
अवधेश यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी तरहिया, थाना सैरपुर — रंगाई-पुताई का काम।
मृतक का कीपैड मोबाइल बरामद।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कुवेर यादव उर्फ अमर यादव की निशानदेही पर मृतक अनिल कुमार का कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
सर्विलांस टीम और बीकेटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में डीसीपी उत्तरी की SWAT/सर्विलांस टीम तथा थाना बीकेटी पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।
SWAT/सर्विलांस टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश गिरी, नदीम, संतोष कुमार, अमित कुमार गौतम तथा कांस्टेबल राघवेन्द्र प्रताप सिंह, विशेष दुहूण और अमन शुक्ला शामिल रहे।
थाना बीकेटी पुलिस टीम में निरीक्षक राम स्वरूप चौहान, उपनिरीक्षक अशोक यादव, प्रतीक शर्मा, अजय कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल आशीष सिंह तथा कांस्टेबल नितिन कुमार और अंकुर राणा शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में मु0अ0सं0 307/2026, धारा 103(1)/115 BNS, थाना बीकेटी, लखनऊ के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
