शनिवार, 8 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: घर पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने वाले दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: घर पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने वाले दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा//बादलपुर। घर पर फायरिंग कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना बादलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 5 अगस्त 2026 को थाना बादलपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अज्ञात लोगों ने उसके घर पर फायरिंग की, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बादलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस के सामने दो आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद पुलिस टीम ने शनिवार 8 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए वायु एन्कलेव-1 में रेलवे लाइन के पास से अनुराग उर्फ छोटू और शिवम उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनुराग उर्फ छोटू के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं दूसरे आरोपी शिवम उर्फ भूरा के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी की है और आरोपियों के खिलाफ अलग से भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपी अनुराग उर्फ छोटू पुत्र कैलाश, निवासी वायु एन्कलेव-1, खेड़ा धर्मपुरा, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।

दूसरा आरोपी शिवम उर्फ भूरा पुत्र जगदीश, निवासी सिद्ध बाबा मंदिर, आरके स्वीट्स के पास, थाना बादलपुर है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष है। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से ग्राम अलीनगर, पोस्ट भदेशी कोल, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ का रहने वाला है।

दो मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार मामले में मु0अ0सं0 218/2026 के तहत धारा 109(1), 351(2), 352, 125 बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी शिवम के खिलाफ अवैध चाकू बरामद होने के संबंध में मु0अ0सं0 220/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही घटना में उनकी भूमिका और फायरिंग के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।।