गाजियाबाद: 15 वर्षों से शिवभक्तों की सेवा में जुटा भड़ाना परिवार, शिव कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ!!
ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच अतिथियों का जोरदार स्वागत, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा शालीमार गार्डन
दो टूक//गाजियाबाद। शालीमार गार्डन में शनिवार को आस्था, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। अशोक भड़ाना शिव कांवड़ सेवा समिति की ओर से आयोजित शिव कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच किया गया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना और गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। अतिथियों के पहुंचने पर आयोजकों और शिवभक्तों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा तथा हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिव कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए और कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों की सेवा का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान आयोजकों की ओर से अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, पुष्पमाला, पटका, स्मृति चिह्न एवं भगवान भोलेनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
15 वर्षों से जारी है सेवा का सिलसिला
मुख्य अतिथि सविंदर भाटी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से भड़ाना परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन कर शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा करना केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
के.पी. सिंह कसाना ने कहा कि वह परिवार वास्तव में धन्य है, जो अपने दिवंगत भाई की स्मृति को जीवंत रखते हुए प्रत्येक वर्ष कांवड़ियों की सेवा में जुटता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होने के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणादायक संदेश देता है।
अशोक भाटी ने बढ़ाया सेवा और सामाजिक सरोकारों का संदेश
इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी की मौजूदगी भी विशेष चर्चा का विषय रही। सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले अशोक भाटी ने शिविर में पहुंचकर आयोजकों का उत्साह बढ़ाया और शिवभक्तों की सेवा को पुण्य एवं समाजसेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद और समाज में भाईचारा कायम रखने का आह्वान किया।
अशोक भाटी ने आयोजकों की ओर से किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा, संस्कार और सामाजिक एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान अशोक भाटी ने उपस्थित लोगों के साथ “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
शिविर में कांवड़ियों के ठहरने, भोजन, जलपान और आवश्यक सेवा-सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में सुबोध भड़ाना, सुखबीर मास्टर जी, पप्पू पहलवान, सचिन चौधरी, विकास चौधरी और सुमित मावी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिवभक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान भोलेनाथ के जयकारों और शिवभक्तों की सेवा के संकल्प के साथ हुआ।
