रविवार, 2 अगस्त 2026

लखनऊ :गौरी बाजार में चोरों का आतंक: एक ही शाम दो लोगों के जेब से मोबाइल पर हाथ किया साफ।।||Lucknow:Thieves in Gauri Bazaar: Two people's mobile phones stolen in the same evening.||

शेयर करें:
लखनऊ :
गौरी बाजार में चोरों का आतंक: एक ही शाम दो लोगों के जेब से मोबाइल पर हाथ किया साफ।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित गौरी बाजार में मोबाइल चोरों का आतंक देखने को मिला। 31 जुलाई 2026 की शाम बाजार में खरीदारी के दौरान दो अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन अज्ञात चोरों ने जेब से पार कर दिए।
विस्तार :
 सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित गौरी बाजार सब्जी मंडी में मोबाइल चोरों का गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। शुक्रवार 31 जुलाई 2026 की शाम बाजार में खरीदारी करने पहुचे दो अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन अज्ञात चोरों ने जेब से पार कर दिए। दोनों पीड़ितों की शिकायत पर सरोजनीनगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना शिवपुरी हैडिल कॉलोनी निवासी रामप्रताप सिंह के साथ हुई। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच वह गौरी बाजार में खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी हुए मोबाइल का IMEI नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। घटना का पता चलने पर उन्होंने तत्काल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई और मोबाइल बरामद करने की मांग की।
वहीं दूसरी घटना भी उसी दिन गौरी बाजार में हुई। त्रिमूर्ति नगर फेस-1 निवासी राघवेन्द्र प्रताप शाही शाम के समय सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे थे। भीड़भाड़ के दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनकी जेब से iPhone 11 Pro चोरी कर लिया। पीड़ित ने बताया कि मोबाइल का पता काफी तलाश करने के बाद भी नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने सरोजनीनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस को मोबाइल के दोनों IMEI नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
दोनों घटनाएं एक ही स्थान और लगभग एक ही समय के आसपास होने से यह आशंका जताई जा रही है कि गौरी बाजार में जेबकतरे या मोबाइल चोरों का संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो भीड़भाड़ का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बना रहा है।
पुलिस ने दोनों तहरीरों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। साथ ही पुलिस ने बाजार आने वाले लोगों से भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
लगातार सामने आ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं ने गौरी बाजार आने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।