रविवार, 2 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: हाईराइज सोसायटी भी नहीं सुरक्षित! गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों का माल साफ, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हाईराइज सोसायटी भी नहीं सुरक्षित! गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों का माल साफ, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा के तमाम दावों के बीच चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पॉश गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू सोसायटी में चोरों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाकर नगदी, लैपटॉप और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार करीब 12 दिनों से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने फ्लैट का ताला तोड़ा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य जब वापस लौटे तो फ्लैट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और नगदी, लैपटॉप समेत सोने के जेवरात गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत बिसरख थाने में दी गई है।

सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड, CCTV कैमरे, गेट एंट्री सिस्टम और मल्टी-लेयर सिक्योरिटी के दावे किए जाते हैं, तो आखिर चोर सोसायटी के अंदर कैसे दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद बिना पकड़े बाहर कैसे निकल गए? घटना ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था और एंट्री सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा सोसायटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता

हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू में बंद फ्लैट में हुई चोरी की घटना ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का सवाल है कि यदि सोसायटी के अंदर रहने वाले परिवारों के फ्लैट ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था के तमाम दावों का आखिर क्या मतलब है।

फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के जरिए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।।