गोण्डा :
आईजीआरएस में देवीपाटन मंडल का जलवा, जुलाई रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-वन।।
94.55 प्रतिशत अंक के साथ हासिल किया पहला स्थान।
दो टूक : उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल की जुलाई 2026 की रैंकिंग में देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठ कार्यशैली का परचम लहराया है। मंडल ने 110 में से 104 अंक हासिल करते हुए 94.55 प्रतिशत अंक के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार दूसरा महीना है जब मंडल शीर्ष स्थान पर रहा है, जबकि पिछले पांच महीनों से देवीपाटन मंडल लगातार प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मंडलों में शामिल है।
इस उपलब्धि के पीछे मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की सख्त मॉनिटरिंग, अधिकारियों की नियमित समीक्षा बैठकें और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद की प्रभावी व्यवस्था को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
विस्तार :
देवीपाटन मंडल के अंतर्गत आने वाले चारों जनपद—गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर—में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष फोकस किया गया।
केवल कागजी निस्तारण नहीं, वास्तविक समाधान पर जोर मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने शिकायत निस्तारण को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक शिकायत का वास्तविक समाधान हो। इसके लिए वह प्रत्येक माह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित मामलों, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का मूल्यांकन करती हैं।
इतना ही नहीं, वह हर महीने रैंडम आधार पर पांच शिकायतकर्ताओं से स्वयं फोन पर बात कर यह जानती हैं कि उनकी समस्या वास्तव में हल हुई या केवल कागजी कार्रवाई पूरी की गई। यदि किसी शिकायत में केवल औपचारिक निस्तारण पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाती है।
'संध्या संवाद' बना जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु।।
देवीपाटन मंडल में शुरू की गई अभिनव पहल 'संध्या संवाद' भी इस सफलता की अहम कड़ी साबित हुई है। इस पहल के माध्यम से प्राथमिकता वाली जनशिकायतों को चिन्हित कर उनके त्वरित और प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इससे आमजन और प्रशासन के बीच संवाद मजबूत हुआ है और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता में भी सुधार आया है।
महिलाओं के लिए कारगर साबित हुआ 'मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद'।
महिलाओं एवं बेटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से संचालित 'मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद' भी आईजीआरएस की सफलता का मजबूत आधार बना है। इस व्यवस्था के तहत महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं की नियमित सुनवाई कर उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे महिलाओं का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
पांच माह से लगातार शानदार प्रदर्शन
देवीपाटन मंडल का प्रदर्शन पिछले पांच महीनों से लगातार उत्कृष्ट रहा है। मार्च 2026 में मंडल ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। अप्रैल में भी प्रथम स्थान बरकरार रखा। मई में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि जून और जुलाई 2026 में एक बार फिर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर शिकायत निस्तारण के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
मंडलायुक्त ने टीम को दिया सफलता का श्रेय।।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल के सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भावना, जिम्मेदारी और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनशिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा, ताकि आमजन का शासन-प्रशासन पर भरोसा और अधिक मजबूत हो सके।
