रविवार, 2 अगस्त 2026

मऊ :पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के तहत बहू-बेटी सम्मेलन में दिए अधिकारों और हेल्पलाइन की जानकारी।||Mau:Police provided information about rights and helplines at a daughter-in-law and daughter conference to promote women's safety and awareness.||

शेयर करें:
मऊ :
पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के तहत बहू-बेटी सम्मेलन में दिए अधिकारों और हेल्पलाइन की जानकारी।
।।संवाददाता देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक :  प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कोपागंज पुलिस ने ग्राम सरवा में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं, छात्राओं और युवतियों को सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विस्तार : 
सम्मेलन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने विवाहित महिलाओं, छात्राओं और युवतियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उन्हें हर परिस्थिति में कानून और पुलिस प्रशासन पर भरोसा रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या से घबराने या निराश होने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। महिलाओं में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति, दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए इनके प्रति समाज और परिवार की साझा जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।
महिला पुलिस टीम ने घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध, सामाजिक उत्पीड़न तथा किसी भी प्रकार की अभद्रता की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं को 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा बहुएं तथा ग्राम सरवा की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।