लखनऊ :
तेज बारिश ने खोली नाले की जलनिकासी व्यवस्था की पोल,थाना और मन्दिर मे घुसा पानी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने सरोजनीनगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। पीएनसी कंपनी द्वारा बनाए गए नाले के चोक होने से बारिश का पानी सड़क पर फैल गया और देखते ही देखते सरोजनीनगर थाने के परिसर व बरामदे में घुस गया। थाने के साथ ही बगल स्थित हनुमान मंदिर परिसर भी जलभराव की चपेट में आ गया।
विस्तार :
बीते बुधवार को लखनऊ मे तेज बारिश से शहर की गलियों समेत इलाके मे चारो तरफ पानी हो गया।वहीं लखनऊ के सरोजनी नगर थाना परिसर में पानी भरने से पुलिस कर्मियों के साथ फरियादियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बरामदे में कुर्सी-मेज लगाकर शिकायतें सुनने वाले पुलिसकर्मियों को भी जलभराव के बीच काम करना पड़ा। पानी भरने के कारण थाने का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा और फरियादियों को अंदर पहुंचने में काफी दिक्कत हुई।
वहीं हनुमान मंदिर परिसर में भी काफी पानी भर गया, जिससे श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जाता है कि कानपुर एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान पीएनसी ने कानपुर रोड के चौड़ीकरण के साथ सड़क के दोनों ओर नालों का निर्माण कराया था। ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के पास बदालीखेड़ा, अवध विहार, शमा बिहार, सत्यलोक कॉलोनी समेत कानपुर रोड के आसपास का बारिश का पानी इसी नाले के जरिए स्कूटर इंडिया की ओर जाता है।
लेकिन सैनिक स्कूल के पास नाला चोक होने के कारण पानी आगे नहीं निकल सका। इसके अलावा कानपुर एक्सप्रेस-वे की एलिवेटेड रोड की चढ़ाई-उतराई से आने वाला पानी भी नाले में समाने के बजाय सड़क पर फैल गया। कुछ ही देर में पानी सरोजनीनगर थाने और आसपास के क्षेत्र में पहुंच गया।
बारिश रुकने के बाद जलनिकासी की स्थिति में सुधार हुआ, लेकिन घटना ने नाले की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले की सफाई और जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो तेज बारिश के दौरान दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
