लखनऊ :
बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के कनकहा स्थित एक निजी क्लीनिक में बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने के करीब दो माह बाद 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही और गलत तरीके से सर्जरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सवाल यह है कि ऑपरेशन के बाद लगातार बिगड़ती रही महिला की हालत पर समय रहते उचित इलाज क्यों नहीं मिला।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज क्षेत्र कूड़ा गांव निवासी लवकुश की पत्नी सुनीता का 30 जून 2026 को कनकहा स्थित धनवंतरी पाली क्लीनिक में बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही सुनीता की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। पति लवकुश ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने और सर्जरी गलत तरीके से किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में सुधार होने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई।
मंगलवार रात सुनीता की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से महिला की मौत की सूचना पुलिस को मेमो के माध्यम से दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रामसागर गुप्ता, उपनिरीक्षक मेघा तिवारी समेत पुलिस टीम सीएचसी पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतका के पति की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने निजी क्लीनिक के डॉक्टरों की कथित चिकित्सकीय लापरवाही के संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या रही और उपचार में किसी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
