गौतमबुद्धनगर: टक्कर के बाद मारपीट और जान से मारने की धमकी, दनकौर पुलिस ने तीन वांछित आरोपी दबोचे!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। दनकौर थाना क्षेत्र में कार में टक्कर मारने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को आरिफ, इरफान और नदीम कार संख्या MH47A4641 से ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग से दनकौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम डूंगरपुर रीलका के पास पीछे से आ रही महेन्द्रा थार कार संख्या UP14HF3841 ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद इरफान ने इसका विरोध किया तो थार सवार आरोपियों ने उसके और नदीम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में शिकायत मिलने के बाद थाना दनकौर पुलिस ने मु0अ0सं0 204/2026, धारा 281/115(2)/352/351(3)/324 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से आरोपियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद 26 अगस्त 2026 को थाना दनकौर पुलिस ने ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग से तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिर पुत्र आबिद (30 वर्ष), कासिम पुत्र आबिद (26 वर्ष) और अब्दुल माजिद पुत्र इकबाल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम तोड़ी, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नासिर के खिलाफ थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर में वर्ष 2019 में धारा 393 भादवि का मामला दर्ज रहा है। वहीं आरोपी कासिम के खिलाफ थाना भोजपुर, गाजियाबाद में वर्ष 2020 में धारा 323/324/504/506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज रहा है।
दनकौर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।।
