गुरुवार, 27 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: जनपद स्तरीय पुरुष हॉकी ट्रायल में 7 खिलाड़ियों ने मारी बाजी, अब मेरठ में मंडल स्तर पर दिखाएंगे दम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनपद स्तरीय पुरुष हॉकी ट्रायल में 7 खिलाड़ियों ने मारी बाजी, अब मेरठ में मंडल स्तर पर दिखाएंगे दम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 27 अगस्त। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय, गौतमबुद्धनगर की ओर से गुरुवार को एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2, ग्रेटर नोएडा में जनपद स्तरीय पुरुष हॉकी चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने खेल कौशल, फिटनेस, तकनीक और प्रदर्शन का दमखम दिखाया। चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रतिभा का मूल्यांकन करने के बाद कुल सात खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल के लिए किया गया।

मंडल स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में धनंजय (जन्मतिथि 28 मार्च 1997), शिवम (29 नवंबर 2004), चंदन (25 अप्रैल 2004), धर्मेंद्र (13 अक्टूबर 2002), सचिन भाटी (01 जनवरी 2004), जीतेश (03 अगस्त 2001) और सुरेश (21 अगस्त 2002) शामिल हैं।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ. परवेज अली ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल 31 अगस्त 2026 को कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ में आयोजित किया जाएगा। यहां खिलाड़ी अपने बेहतर प्रदर्शन के जरिए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल करने का प्रयास करेंगे।

इसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 11 सितंबर 2026 तक डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अयोध्या में किया जाएगा। ऐसे में चयनित खिलाड़ियों के सामने अब मंडल स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर है।

डॉ. परवेज अली ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी आगामी चयन प्रक्रिया के लिए पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ तैयारी करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी मंडल और प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गौतमबुद्धनगर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

जिला खेल कार्यालय की इस पहल का उद्देश्य जनपद में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें मंडल, प्रदेश तथा उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। हॉकी ट्रायल के माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलने से खेल प्रतिभाओं में भी उत्साह देखने को मिला।।