लखनऊ :
"बयान बदलो, नहीं तो घर बिकवा देंगे."गवाह को धमकाने का सनसनीखेज आरोप,केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और गवाह पर बयान बदलने का दबाव बनाने का गंभीर मामला पहुंचा है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसे लगातार झूठा बयान देने, न्यायालय में गवाही बदलने और ऐसा न करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने, जान से मारने तथा घर में आग लगवाने की धमकियां दी जा रही थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना सरोजनीनगर क्षेत्र गीता आश्रम, गंगानगर, अमौसी में मुकेश कुमार पाल परिवार के साथ रहते हैं अपने आवास पर किराएदार भी रखे है। इन्होने थाना सरोजनीनगर मे लिखित तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि
मकान में पहले आकाश वर्मा और उनकी पत्नी श्रुति वर्मा किरायेदार के रूप में रहते थे। बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर श्रुति वर्मा ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। विवेचना के दौरान मुकेश कुमार पाल और अन्य लोगों ने पुलिस को अपने-अपने बयान दिए थे।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद शोभित कश्यप और अरुण कश्यप लगातार उन पर दबाव बनाने लगे कि वे अपने पहले दिए गए बयान को झूठा बताएं और न्यायालय में भी गवाही बदल दें। आरोप है कि इनकार करने पर उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने, जेल भिजवाने और आर्थिक रूप से बर्बाद करने की धमकी दी गई। पुलिस को दी तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि "इतने मुकदमे कर देंगे कि वकीलों की फीस देते-देते तुम्हारा घर बिक जाएगा।" इतना ही नहीं, बयान न बदलने पर घर में आग लगवाने और जान से मारने तक की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का कहना है कि उसके पास फोन कॉल रिकॉर्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शी गवाह मौजूद हैं, जिन्हें वह विवेचना के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराएगा। शिकायत में परिवार की सुरक्षा की भी मांग की गई है।
सरोजनीनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
