लखनऊ :
गंगागंज में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी,चार मजदूरों की दर्दनाक मौत।।
दो टूक : लखनऊ - सुल्तानपुर हाईवे पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का बेकाबू होकर पलटना एक साथ चार परिवारों पर कहर बनकर टूटा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
विस्तार :
राजधानी लखनऊ के थाना गोसाईंगंज क्षेत्र स्थित गंगागंज में शनिवार तड़के लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर ईंटों से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से टकराकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में ट्रैक्टर चालक समेत तीन मजदूर शामिल हैं।
●ADCP साउथ ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4:45 बजे गंगागंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने और उसके नीचे चार लोगों के दबे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस, फायर सर्विस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। NHAI की क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से CHC गोसाईंगंज भेजा गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान संदीप रावत (25), पीतांबर रावत (35), पवन रावत (25) निवासी इलिचपुर मजरे पडरांवा, थाना कोठी, बाराबंकी तथा बलराम रावत (35) निवासी सरायनदर, थाना कोठी, बाराबंकी के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि पीतांबर रावत बाराबंकी के थाना कोठी क्षेत्र स्थित अचकाकामऊ गांव में देशराज के RBF ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था, जबकि अन्य मृतक ईंट लादने और उतारने का काम करते थे। सभी मृतक एक ही क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे से हटा दिया गया है और यातायात व्यवस्था सुचारु कर दी गई है। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
◆ADCP साउथ की बाइट - -
