गुरुवार, 20 अगस्त 2026

लखनऊ :आवारा पशुओं को बचाने में शोरूम के एंगल से टकराई रोडवेज बस, दो घायल।|Lucknow:A roadways bus collided with a showroom while trying to save stray animals, injuring two.||

शेयर करें:
लखनऊ :
आवारा पशुओं को बचाने में शोरूम के एंगल से टकराई रोडवेज बस, दो घायल।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र गौरा चौराहे के पास बुधवार सुबह हाईवे पर आवारा पशुओं को बचाने के प्रयास में सवारियों से भरी फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शोरूम के बाहर लगे लोहे के एंगल से जा टकराई। हादसे में बस का शीशा टूट गया और दो सवारियां घायल हो गईं। एक ही दिन हुए दो सड़क हादसों ने हाईवे पर यातायात सुरक्षा और आवारा पशुओं की समस्या पर सवाल खड़े कर दिए हैं स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभागों से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक फतेहपुर डिपो की बस सुबह करीब छह बजे बछरावां से सवारियां लेकर लखनऊ जा रही थी। गौरा चौराहे के पास अचानक हाईवे पर आवारा पशुओं का झुंड आ गया। चालक ने पशुओं को बचाने के लिए बस को मोड़ा, लेकिन बस अनियंत्रित होकर शोरूम के बाहर लगे लोहे के एंगल से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का शीशा टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर घूमने वाले आवारा पशुओं को हटवाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
रोडवेज बस ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की हालत गंभीर।
मोहनलालगंज। फुलवरिया मोड़ के पास बुधवार को लखनऊ से रायबरेली जा रही रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मुकेश यादव निवासी बाबूखेड़ा, थाना निगोहां गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर-2 रेफर कर दिया। घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना करने वाली रोडवेज बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।