लखनऊ :
कच्ची सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर किसानों का धरना।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में कुबहरा-कमालपुर बिचलिका मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने बुधवार से धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 500 मीटर लंबा यह कच्चा मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार तहसील मोहनलालगंज क्षेत्र कुबहरा गांव स्थित सामुदायिक भवन के पास शुरू हुए धरने में किसान नेताओं और ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग कुबहरा, कमालपुर बिचलिका समेत दर्जनों गांवों को मोहनलालगंज, नगराम और राजधानी से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग से जोड़ता है। सड़क पक्की नहीं होने से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों और राहगीरों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों के आश्वासन से नाराज ग्रामीणों ने सड़क निर्माण शुरू होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है।
धरने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी देवेश प्रांजपे और थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसान नेताओं और ग्रामीणों से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर मार्ग का सर्वे कराने और सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से एनओसी दिलाने का आश्वासन दिया।
हालांकि किसान नेताओं ने साफ कहा कि केवल आश्वासन से धरना समाप्त नहीं होगा। उनका कहना है कि जब तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया जमीन पर शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अधिकारियों के लौटने के बाद भी किसान नेताओं और ग्रामीणों का धरना देर शाम तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क निर्माण की मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
