लखनऊ :
बंथरा क्षेत्र में पशुपालक के घर से 18 बकरियां चोरी, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख,पुलिस जांच में जुटी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बंथरा क्षेत्र के रानीपुर (कटिबगिया) गांव में पशुपालक के घर से एक साथ 18 बकरियां चोरी होने से हड़कंप मच गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बकरियों की बरामदगी की मांग की है। चोरी हुई बकरियों की लगभग दो लाख से अधिक की कीमत बताया जा रहा है। रात के अंधेरे में पशुपालक के घर से 18 बकरियां पार होने की घटना ने ग्रामीण इलाकों में पशुओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
विस्तार :
थाना बन्थरा क्षेत्र रानीपुर (कटिबगिया), सराय शहजादी निवासी पीड़िता गुड्डी पत्नी स्वर्गीय मेघनाद ने स्थानीय थाने मे पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके घर से रात के समय 10 बकरे और 8 बकरियां चोरी हो गईं। सुबह जानकारी होने पर आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की गई, लेकिन चोरी हुई बकरियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
एक साथ 18 बकरियों के चोरी होने से पीड़िता को आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले में पीड़िता ने बंथरा पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई और चोरी हुई बकरियों की बरामदगी की गुहार लगाई है।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने के साथ-साथ चोरी हुई बकरियों को बरामद करने की चुनौती है। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच मे जुटी हुई है।
