सोमवार, 31 अगस्त 2026

लखनऊ : कन्नौसी फ्लाईओवर के पास अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप।।||Lucknow: There was a stir after the body of an unidentified woman was found near the Kannausi flyover.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
कन्नौसी फ्लाईओवर के पास अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप।।
●गले पर दिखे गहरे नीले निशान, हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस।
दो टूक : लखनऊ के मानकनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कन्नौसी फ्लाईओवर के पास एक निजी स्कूल के सामने सर्विस लेन पर करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक पहचान नहीं हो सकी।
विस्तार
जानकारी के अनुसार सोमवार को थाना
मानकनगर क्षेत्र बाराबिरवा से बुद्धेश्वर चौराहे की ओर जाने वाले रिंग रोड पर कन्नौसी फ्लाईओवर के समीप शारदा नहर किनारे सर्विस लेन पर सुबह करीब 8:40 बजे महिला का शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला ने लाल रंग की कुर्ती और क्रीम रंग की सलवार पहन रखी थी।
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलित कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला के गले पर गहरे नीले रंग के निशान दिखाई दिए हैं, जिससे मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
एडीसीपी मध्य ने मौके का लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी मध्य जितेंद्र दूबे भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र कराए गए हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आसपास के थानों को भेजी गई सूचना
मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि सोमवार शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल अज्ञात महिला की मौत हत्या है या किसी अन्य वजह से हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।