सोमवार, 31 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार; 50 लाख के 154 मोबाइल बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार; 50 लाख के 154 मोबाइल बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

बीटा-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिरोह का मास्टरमाइंड कंपनी में था कंटेनर चालक; ढाई लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो कार भी बरामद

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार में सस्ते दामों पर बेचने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 154 मोबाइल फोन, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार, मनोज कुमार, रवि कुमार, विनीत उर्फ मसना, मोहम्मद शोएब और हसीबुर्रहमान शामिल हैं। सभी आरोपियों को सोमवार, 31 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से गिरफ्तार किया गया।

कंपनी में कंटेनर चालक था गिरोह का मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार है। वह एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, डी-28 साइट-4, बीटा-2 में कंटेनर चालक के पद पर नौकरी करता था। कंपनी में तैयार होने वाले मोबाइल फोन को ऑर्डर की डिलीवरी के लिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाने की जिम्मेदारी उसके पास थी।

आरोप है कि केशव इसी दौरान कंटेनर की सील खोलकर उसमें लदे मोबाइल फोन के कार्टूनों से चिट हटाता था और मोबाइल फोन चोरी कर अपने साथियों को सौंप देता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों पर मांग के अनुसार बाजार मूल्य से कम कीमत पर बेच देते थे। इस तरह चोरी के मोबाइल फोन बेचकर आरोपी अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे।

ऑडिट में सामने आई 165 मोबाइल फोन की चोरी

कंपनी में ऑडिट के दौरान 165 मोबाइल फोन गायब मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस किया और आखिरकार गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से बरामद 154 मोबाइल फोन चोरी की इसी घटना से संबंधित हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

मास्टरमाइंड के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मास्टरमाइंड केशव कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ अलीगढ़ और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

50 लाख के मोबाइल, नकदी और स्कॉर्पियो बरामद

बीटा-2 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 154 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर 26BH3539K) भी पुलिस ने बरामद की है।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 284/2026 के तहत धारा 306/61(2)/317(2) बीएनएस में कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया और चोरी के मोबाइल फोन किन-किन लोगों को बेचे गए।