लखनऊ :
व्यक्तित्व का निर्माण करती है शिक्षा : मेडिटेशन गुरु।।
जैन मिलन संस्था ने 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित,श।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के आशियाना स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में विराजमान मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर मुनिराज के सान्निध्य में रविवार सुबह 9 बजे जैन मिलन संस्था आनन्दमय वर्षायोग समिति लखनऊ के तत्वाधान में मेधावी छात्र - छात्राओं को सम्मानित किया गया । आयोजन में आईसीएससी, सीबीएसई व यूपी बोर्ड के कक्षा 10 व 12 में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया । इसके अतिरिक्त ग्रेजुएशन एवं पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रखर जैन, आकाश जैन, दिव्य जैन, रूबल जैन, कृतिका जैन, सक्षम शाह व प्रियूष जैन समेत विभिन्न उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया । समारोह में कुल 42 छात्र - छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं ।
इस अवसर पर पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर मुनिराज ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, संस्कार, परिश्रम एवं सकारात्मक चिंतन अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण का आधार है । उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं संस्कारों का उपयोग समाज, धर्म एवं राष्ट्र के उत्थान में भागीदार बनने का आह्वान किया ।
