गोण्डा- वामा सारथी अध्यक्षा डॉ तन्वी जायसवाल के निर्देशन में पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए रविवार को ’’वामा सारथी, उप्र पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन’’ के तत्वावधान में ’’अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल, टाटा 1एमजी, आयुष विभाग उप्र एवं स्थानीय चिकित्सा संस्थानों’’ के सहयोग से पुलिस लाइन गोण्डा परिसर में प्रातः 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर सुलभ एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना रहा, ताकि अपने व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यदायित्वों के बीच भी वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें। कैम्प में ’’मेडिकल ऑफिसर डॉ० जितेन्द्र कुमार यादव, डॉ० तनु श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट डॉ० नन्कू सिंह’’ सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल टीम द्वारा प्रतिभागियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डायटीशियन द्वारा संतुलित आहार, वजन नियंत्रण, ड्यूटी के दौरान उचित खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा लंबे समय तक ड्यूटी के कारण होने वाली कमर, गर्दन एवं मांसपेशियों की समस्याओं से बचाव हेतु आवश्यक व्यायाम एवं सावधानियों की जानकारी प्रदान की गई। ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा नर्सिंग स्टाफ द्वारा सभी जांच प्रक्रियाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया गया। शिविर में रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच के साथ-साथ विभिन्न पैथोलॉजी जांचें, जैसे ’’शुगर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन एवं थायरॉइड प्रोफाइल’’ निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे अधिक से अधिक पुलिस कर्मी एवं उनके परिवारजन लाभान्वित हुए। वेलनेस कैम्प में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं जनकल्याणकारी बताया। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर पुलिस परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनपदीय पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं जागरूकता के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर एवं परामर्श कार्यक्रम निरंतर आयोजित कराए जाने के प्रयास किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।