गोण्डा :
पुलिस कप्तान ने चौकीदारों को बांटी साइकिल,हरी झण्डी दिखाकर गांवों में किया रवाना।।
◆गोण्डा एसपी विनीत जायसवाल की पहल: 301 पुलिस चौकीदारों को बांटी साइकिलें, ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और सूचना तंत्र को मिलेगी मजबूती।
।।संवाददाता-विरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस के सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में गोण्डा पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात 301 पुलिस चौकीदारों को साइकिलें वितरित कीं। साइकिल मिलने से चौकीदारों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में भ्रमण करने और पुलिस तक महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाने में सहूलियत होगी।
पुलिस चौकीदार ग्रामीण इलाकों में पुलिस विभाग के स्थानीय सूचना तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते हैं। गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने, आपसी विवादों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सूचना देने और अपराध की रोकथाम में चौकीदारों की अहम भूमिका रहती है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने चौकीदारों से संवाद करते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमणशील और सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने पर तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
एसपी ने कहा कि चौकीदारों को साइकिल उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य उनके कार्य क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस के सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय करना है। साइकिल के माध्यम से चौकीदार अपने क्षेत्र में आसानी से भ्रमण कर सकेंगे और गांव-गांव तक पुलिस की पहुंच को बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनसहयोग प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस तक समय पर सूचनाएं पहुंचाने में चौकीदारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी चौकीदार अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करें। किसी भी छोटी-बड़ी सूचना को नजरअंदाज न करते हुए समय से पुलिस को अवगत कराएं। इससे अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
पुलिस विभाग की इस पहल से चौकीदारों के कार्यक्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस का स्थानीय सूचना नेटवर्क और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है। साइकिल वितरण को चौकीदारों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में व्यावहारिक सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर श्री अभिषेक दवाच्यॉ, प्रतिसार निरीक्षक श्री अजय प्रताप सिंह सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस चौकीदार मौजूद रहे।
