मऊ :
कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर ए.के. शर्मा की बड़ी पहल,5 मेगावाट सोलर पार्क का शिलान्यास।
दो टूक : मऊ में लगभग 16 करोड़ की लागत से बनेगा सौर ऊर्जा संयंत्र, 5 हजार घरों को मिलेगी बिजली; कल्पनाथ राय के नाम पर होगा पार्क का नामकरण।
विस्तार :
पूर्वांचल के विकास पुरुष स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर शनिवार को मऊ में विकास की नई पहल की शुरुआत हुई। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने 5 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने घोषणा की कि प्रस्तावित सोलर पार्क का नाम स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर रखा जाएगा।
मंत्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से दिल्ली की मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद मऊ में स्वच्छ एवं सस्ती बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस सौर पार्क से करीब 5 हजार घरों को बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
“कल्पनाथ राय ने जिस मऊ का सपना देखा, उसे आगे बढ़ा रही सरकार”
कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को नमन किया। उन्होंने कहा कि कल्पनाथ राय ने मऊ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और जनपद के विकास का स्पष्ट विजन उनके पास था। उन्होंने जिस विकसित मऊ की कल्पना की थी, उसे आगे बढ़ाने का काम वर्तमान सरकार कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। मऊ में सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे और सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने लोगों से विकास की दिशा में आगे बढ़ने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की।
“मेरा भविष्य महादेव या मोदी जी तय करेंगे”
कार्यक्रम के दौरान ए.के. शर्मा का राजनीतिक भविष्य को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा का विषय बना। उन्होंने कहा कि वह किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय यदि कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे।
अपने राजनीतिक भविष्य पर उन्होंने कहा कि “मेरे भविष्य का फैसला या तो महादेव करेंगे या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी करेंगे।” उन्होंने कहा कि वह अपनी पूरी क्षमता के साथ आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
सिद्धार्थ राय ने की मोदी सरकार के विकास कार्यों की सराहना
स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास देश को आगे ले जाने का स्पष्ट विजन है और उन्होंने स्वयं को मोदीभक्त बताते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व विधायक घोसी विजय राजभर, एमएलसी (सुभासपा) बिच्छे लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, ऋषिकांत राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा-सुभासपा नेता, गणमान्य नागरिक एवं करीब 50 हजार स्थानीय लोग मौजूद रहे।
