मऊ :
हत्या मामले में 25 हजार का इनामिया बदमाश गिरफ्तार।।
पुलिस ने खुरहट रेलवे क्रॉसिंग से पकड़ा गया हत्यारोपी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना रानीपुर पूलिस टीम ने हत्याकांड मामले मे फरार चल रहे 25 हजार के इनामिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विस्तार :
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गंभीर आपराधिक मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना के नेतृत्व में थाना रानीपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 08 अगस्त 2026 को सुबह करीब 05:15 बजे रेलवे क्रॉसिंग खुरहट के पास घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव पुत्र स्व. तेजू यादव, निवासी शेखामतपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना रानीपुर में मु0अ0सं0 072/2026 के तहत धारा 65(1), 108, 123, 61(2) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आई घटना की कड़ी
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बताया कि 08 जून 2026 की रात वह अन्य आरोपियों के साथ करजौली के जंगल में गया था। पुलिस के मुताबिक मामले में पीड़ित पक्ष से संबंधित गंभीर घटना के बाद आरोपी और उसके साथी वहां से फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव, पुत्र स्व. तेजू यादव, निवासी शेखामतपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ।
गिरफ्तारी
स्थान: रेलवे क्रॉसिंग खुरहट, थाना रानीपुर, मऊ
दिनांक: 08 अगस्त 2026
समय: सुबह करीब 05:15 बजे
पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
